प्रस्तावना
वेदांत दर्शन परम्परा में जीव की बद्ध अवस्था और उसके मोक्ष की मीमांसा सदैव विमर्श का महत्त्वपूर्ण विषय रही है। जीव अपनी अनादि अविद्या के कारण जिस मूल तत्त्व के प्रभाव में आकर जन्म-मरण के चक्र में संसरण करता है, स्वयं के यथार्थ स्वरूप को नहीं पहचान पाता, तथा ब्रह्म और परब्रह्म के ज्ञान को यथार्थ रूप में जानने में असमर्थ रहता है – वह तत्त्व ‘माया’ है।
अक्षरपुरुषोत्तम दर्शन में माया को पाँच नित्य तत्त्व – जीव, ईश्वर, माया, अक्षरब्रह्म, परब्रह्म – में से एक नित्य और पृथक तत्त्व के रूप में स्वीकार किया गया है। परब्रह्म भगवान स्वामिनारायण वचनामृत में माया का स्वरूप बतातें हुए कहते हैं, “देह में अहंबुद्धि तथा शरीर सम्बंधी पदार्थों में ममत्वबुद्धि ही माया है।”1 यह अहं-ममत्वरूपी माया ही देहाभिमान, विषयासक्ति, कामक्रोधादिविकारों की अभिवृद्धि जैसे शाश्वत सुख के विरोधी दोषों और आत्मा की अधोगति का कारण है।
जीव और ईश्वर अपनी अनादि अविद्या के कारण माया के बन्धन में आबद्ध हैं, किन्तु अक्षरब्रह्म और परब्रह्म सर्वथा मायातीत हैं। अतः मोक्षसिद्धान्त को सम्यक् रूप से समझने के लिए माया के स्वरूप और उससे निवृत्ति के उपायों की दार्शनिक मीमांसा अपरिहार्य है।
‘पञ्चचामरम्’ छंद से निबद्ध इस काव्यात्मक रचना में अनादि माया को एक ‘घोर जंगल’ की उपमा देकर उसके प्रभाव और उसके बंधनयुक्त स्वभाव को दर्शाया गया है। एवं दुष्कर माया से मुक्त होने का शाश्वत उपाय भी प्रदर्शित किया गया है। साम्प्रत समय में अनादि माया से पार होने का एकमात्र अवलंबन अक्षरब्रह्म स्वरूप सत्पुरुष ही है – इस वेदोक्त सिद्धांत को यहाँ भलिभाँति प्रस्तुत किया गया है।
पञ्चचामरम् एक समवृत्त छन्द है, जिसमें प्रति चरण १६ अक्षर होते हैं। इसका लघु-गुरु क्रम ‘जगण’, ‘रगण’, ‘जगण’, ‘रगण’, ‘जगण’ और अंत में एक ‘गुरु’ (ल-गा-ल-गा-ल-गा-ल-गा-ल-गा-ल-गा-ल-गा-ल-गा) के रूप में चलता है। अपनी तीव्र गति और ओजपूर्ण प्रवाह के कारण यह छन्द पारम्परिक रूप से स्तोत्र-साहित्य और उपदेशात्मक काव्यों में प्रयुक्त होता रहा है। प्रस्तुत काव्यरचना का उद्देश्य अक्षर-पुरुषोत्तम दर्शन के तात्त्विक सिद्धान्त को एक गेय, स्मरणीय और पाठ-योग्य काव्यरूप में प्रस्तुत करना है।
यह रचना मुख्यतः तीन विभागों में विभाजित है:
- प्रथम विभाग (श्लोक १-३): माया के स्वरूप, उसके प्रभाव और उसकी दुर्जयता का विश्लेषण।
- द्वितीय विभाग (श्लोक ४-५): मायामोचक के रूप में साक्षात् अक्षरब्रह्म सत्पुरुष के प्रभाव का वर्णन।
- तृतीय विभाग (श्लोक ६-८): अक्षरब्रह्म की ‘सेतु’ रूपता।






