अज्ञान के तिमिर में ज्ञान का आलोक

Vedananddas Swami

प्रस्तावना

वेदांत दर्शन परम्परा में जीव की बद्ध अवस्था और उसके मोक्ष की मीमांसा सदैव विमर्श का महत्त्वपूर्ण विषय रही है। जीव अपनी अनादि अविद्या के कारण जिस मूल तत्त्व के प्रभाव में आकर जन्म-मरण के चक्र में संसरण करता है, स्वयं के यथार्थ स्वरूप को नहीं पहचान पाता, तथा ब्रह्म और परब्रह्म के ज्ञान को यथार्थ रूप में जानने में असमर्थ रहता है – वह तत्त्व ‘माया’ है।

अक्षरपुरुषोत्तम दर्शन में माया को पाँच नित्य तत्त्व – जीव, ईश्वर, माया, अक्षरब्रह्म, परब्रह्म – में से एक नित्य और पृथक तत्त्व के रूप में  स्वीकार किया गया है। परब्रह्म भगवान स्वामिनारायण वचनामृत में माया का स्वरूप बतातें हुए कहते हैं, “देह में अहंबुद्धि तथा शरीर सम्बंधी पदार्थों में ममत्वबुद्धि ही माया है।”1 यह अहं-ममत्वरूपी माया ही देहाभिमान, विषयासक्ति, कामक्रोधादिविकारों की अभिवृद्धि जैसे शाश्वत सुख के विरोधी दोषों और आत्मा की अधोगति का कारण है।

जीव और ईश्वर अपनी अनादि अविद्या के कारण माया के बन्धन में आबद्ध हैं, किन्तु अक्षरब्रह्म और परब्रह्म सर्वथा मायातीत हैं। अतः मोक्षसिद्धान्त को सम्यक् रूप से समझने के लिए माया के स्वरूप और उससे निवृत्ति के उपायों की दार्शनिक मीमांसा अपरिहार्य है।

‘पञ्चचामरम्’ छंद से निबद्ध इस काव्यात्मक रचना में अनादि माया को एक ‘घोर जंगल’ की उपमा देकर उसके प्रभाव और उसके बंधनयुक्त स्वभाव को दर्शाया गया है। एवं दुष्कर माया से मुक्त होने का शाश्वत उपाय भी प्रदर्शित किया गया है। साम्प्रत समय में अनादि माया से पार होने का एकमात्र अवलंबन अक्षरब्रह्म स्वरूप सत्पुरुष ही है – इस वेदोक्त सिद्धांत को यहाँ भलिभाँति प्रस्तुत किया गया है।  

पञ्चचामरम् एक समवृत्त छन्द है, जिसमें प्रति चरण १६ अक्षर होते हैं। इसका लघु-गुरु क्रम ‘जगण’, ‘रगण’, ‘जगण’, ‘रगण’, ‘जगण’ और अंत में एक ‘गुरु’ (ल-गा-ल-गा-ल-गा-ल-गा-ल-गा-ल-गा-ल-गा-ल-गा) के रूप में चलता है। अपनी तीव्र गति और ओजपूर्ण प्रवाह के कारण यह छन्द पारम्परिक रूप से स्तोत्र-साहित्य और उपदेशात्मक काव्यों में प्रयुक्त होता रहा है। प्रस्तुत काव्यरचना का उद्देश्य अक्षर-पुरुषोत्तम दर्शन के तात्त्विक सिद्धान्त को एक गेय, स्मरणीय और पाठ-योग्य काव्यरूप में प्रस्तुत करना है।

यह रचना मुख्यतः तीन विभागों में विभाजित है:

  • प्रथम विभाग (श्लोक १-३): माया के स्वरूप, उसके प्रभाव और उसकी दुर्जयता का विश्लेषण।
  • द्वितीय विभाग (श्लोक ४-५): मायामोचक के रूप में साक्षात् अक्षरब्रह्म सत्पुरुष के प्रभाव का वर्णन।
  • तृतीय विभाग (श्लोक ६-८): अक्षरब्रह्म की ‘सेतु’ रूपता।

माया का स्वरूप

(पञ्चचामरम्)

प्रचण्ड-चण्डवात-सन्निभा विमर्दकारिणी
प्रताडनी प्रहासिनी महासमर्थशम्बरी।
प्र – काम – क्रोध – मोह – मत्सराऽन्धकाररूपिणी
प्रघोरदोषदग्धमानसं विमोहयत्यसौ॥१॥

“जो प्रचंड आंधी के समान है और (जीवों को) कुचल डालती है, जो ताडन करती है और अट्टहास करती हुई अतिसमर्थ जादूगरनी (शंबरी) है; ऐसी यह माया काम, क्रोध, मोह और मत्सर रूप अंधकार है। ऐसी यह माया अत्यंत घोर दोषों से दग्ध (पीडित) मनुष्य के मन को विशेष रूप से मोहित करती है।”

यह मायावी जंगल कैसा है?

भवाटवी तमोहरैकरश्म्यभावपङ्किला
भयङ्करी प्रदारुणी सुरङ्गिणी तमस्विनी।
सुकर्मकोटिभि: तपोबलै: समाधिना व्रतै:
विमोहतो जगत्तले प्रभुर्हि को विमुच्यते॥२॥

“यह माया संसार रूपी जंगल है, जहाँ अंधकार को हरने वाले सूर्य की एक किरण का भी प्रवेश नहीं है, वैसा कीचड़युक्त है; जो अत्यंत भयानक, दारुण और अंधकारमयी सुरंग जैसी है। करोड़ों सत्कर्मों से, तपोबल से, समाधि से या व्रतों के द्वारा भी इस संसार में ऐसा कौन समर्थ व्यक्ति है जो (स्वयं के बल पर) इस माया से मुक्त हो सके?”

अहंममेतिभावना प्रभूतविस्तृता यया
निपातयत्यनन्तश: स्वमोहगह्वरे मुदा।
न योगिनं न भक्तिकारिणं न तत्त्वसङ्गिनं
विमुह्यतीति नेति नेति वीक्षिते परावरे॥३॥

“जिस माया ने ‘मैं और मेरा’ (अहं-ममत्व) की भावना का अत्यंत विस्तार किया है, वह (अनंत जीवों को) अपनी मोह रूपी गहरी खाई में आनंदपूर्वक बार-बार पटकती है। वह योगियों को, भक्तों को और तत्त्वज्ञानियों को मोह नहीं कराती ऐसा नहीं है, अर्थात् उन्हें भी मोहग्रस्त कर देती है। किंतु जब परात्पर अक्षरब्रह्म से परे परब्रह्म का साक्षात्कार होता है, तब वह उन्हें मोहित नहीं कर सकती।”

माया का प्रभाव केवल अज्ञानी मनुष्यों तक सीमित नहीं है। माया योगसाधना करने वाले योगियों, भक्ति करने वाले भक्तों और यहाँ तक कि सैद्धांतिक ज्ञान रखने वाले तत्त्वज्ञानियों को भी अपने मोहपाश में बाँध लेती है। माया कोई सामान्य अज्ञान नहीं है, अपितु यह एक दुर्जेय शक्ति है, जिस पर विजय प्राप्त करना केवल साधनों से कठिन है। केवल कर्म, तप, समाधि या व्रत के माध्यम से माया के इस चक्रव्यूह को नहीं भेदा जा सकता।

इस सार्वभौमिक मोह से बचने का केवल एक ही उपाय है – “तस्मिन् दृष्टे परावरे”2 अर्थात् अक्षरब्रह्म से परे परब्रह्म का साक्षात् दर्शन, उनका यथार्थ ज्ञान। जब तक जीव को इस परम सत्ता का साक्षात्कार नहीं होता, तब तक वे माया से बद्ध रहते हैं।

मायामोचक अक्षरब्रह्म सत्पुरुष

इस पृथ्वी पर माया से हमें छुडा सके ऐसी परम सत्ता कौन है? उत्तर है – परब्रह्म पुरुषोत्तम भगवान के अखंड धारक प्रत्यक्ष भगवत्स्वरूप अक्षरब्रह्म सत्पुरुष।

अहो! अहो! सहस्रभास्करं पराभवत्यसौ
अनन्तकान्तिरूपक: कटाक्षमात्रत: नृणाम्।
मनोमलप्रपञ्चतो विमोचकः प्रभुं गुरुं
भजेऽहमक्षरं महन्तस्वामिनं हृदा मुदा॥४॥

“अहो! अहो! जो हजारों सूर्यों के तेज को भी विलीन कर देते हैं, ऐसे अनंत कांति (तेज) से युक्त, जो अपने कटाक्ष मात्र (कृपादृष्टि) से मनुष्य को मनोमल (माया) के प्रपंच से मुक्त कर देते हैं; ऐसे समर्थ गुरु अक्षरब्रह्म श्री महंत स्वामी महाराज का मैं हृदयपूर्वक आनंद के साथ भजन करता हूँ।”

प्रपञ्चदाव-वासनाज्वलद्-दवानले हि यो
वचोऽमृतं हिमं वहन् ददाति शान्तिमुत्तमाम्।
हरन्तमाध्युपाधिकं प्रदाहकं नृणां सदा
भजेऽहमक्षरं महन्तस्वामिनं हृदा मुदा॥५॥

“संसार रूपी वन की वासना रूपी दावानल (जंगल की आग) के बीच जो अपने शीतल वचनों रूपी अमृत की वर्षा करते हुए उत्तम शांति प्रदान करते हैं; तथा मनुष्यों को जलाने वाले आधि, व्याधि और उपाधि रूपी तापों को जो सदा हर लेते हैं; ऐसे अक्षरब्रह्म श्री महंत स्वामी महाराज को मैं हृदयपूर्वक आनंद के साथ भजन करता हूँ।”

इस प्रकार साम्प्रत समय में मायामोचक अक्षरब्रह्म सत्पुरुष परम पूज्य महंतस्वामी महाराज हैं।

मोक्ष के सेतु – अक्षरब्रह्म महंत स्वामी महाराज

जीव अपने बल से इस भवसागर को पार नहीं कर सकता, परंतु अक्षरब्रह्म गुरु अपने ‘कृपाबल’ (अनुग्रह) से उसे तत्काल दिव्य अक्षरधाम (परम लोक) की ओर ले जाते हैं। अक्षरब्रह्म को वेदादि शास्त्रों में ‘सेतु’ कहा गया है।

कठोपनिषद् में कहा है – “यः सेतुरीजानानामक्षरं ब्रह्म यत्परम् । अभयं तितीर्षतां पारं नाचिकेतं शकेमहि॥”3

अगाधदुस्तरार्णवे निमग्नजीवतारकं
परोडुपं परामृतस्य सेतुब्रह्म सुदृढम्।
कृपाबलेन दिव्यधाम वै नयन्तमाशु तं
भजेऽहमक्षरं महन्तस्वामिनं हृदा मुदा॥६॥

“अगाध और दुस्तर (कठिनता से पार करने योग्य) संसार रूपी समुद्र में डूबते हुए जीवों को तारने वाले, अत्यंत सुदृढ़ एवं श्रेष्ठ नौका के समान तथा परम मोक्ष के सेतु स्वरूप, अपने कृपाबल से शीघ्र ही दिव्य अक्षरधाम में ले जाने वाले अक्षरब्रह्मस्वरूप श्री महंत स्वामी महाराज को मैं हृदयपूर्वक आनंद के साथ भजन करता हूँ।”

यह महंत स्वामी महाराज कैसे है? उनका तात्त्विक स्वरूप क्या है ?

सदा सुदिव्य-सर्वदोषवर्जितं सनातनं
गुणातिगं गुणाकरं मृदुप्रियाल्पभाषिणम्।
परात्परं हरिं सदा धरन्तमङ्ग एव तं
भजेऽहमक्षरं महन्तस्वामिनं हृदा मुदा॥७॥

“जो सदैव दिव्य हैं और समस्त दोषों से रहित हैं, जो सनातन (शाश्वत) हैं, जो तीनों गुणों से अतीत (गुणातीत) हैं और कल्याणकारी दिव्य गुणों के भंडार हैं; जो कोमल, प्रिय और मित (अल्प) बोलने वाले हैं; तथा जो परात्पर भगवान श्रीहरि को सदैव अपने अंग-अंग में धारण किए रहते हैं, ऐसे अक्षरब्रह्म श्री महंत स्वामी महाराज का मैं हृदयपूर्वक आनंद के साथ भजन करता हूँ।”

अहो ! त्वदाश्रयेण धन्यता च पूर्णकामता
प्रवर्तते सुखानुभूतिरेव जीवने सदा।
तवैव दासदासतामभीप्सुरस्मि सर्वदा
भजेऽहमक्षरं महन्तस्वामिनं हृदा मुदा॥८॥

“अहो! आपके आश्रय से जीवन में सदैव धन्यता (कृतज्ञता), पूर्णकामता (संतोष) और परम सुख की अनुभूति होती रहती है। मैं सर्वदा आपके दास के दास होने की ही कामना करता हूँ; ऐसे अक्षरब्रह्म श्री महंत स्वामी महाराज को मैं हृदयपूर्वक आनंद के साथ भजन करता हूँ।”

उपसंहार

माया एक प्रबल बन्धनकारी शक्ति है, जिसका प्रभाव – काम, क्रोध, अहंता और ममता के रूप में परिलक्षित होता हैं। उपर्युक्त रचना में यह प्रस्तुत किया गया है कि केवल कर्मकाण्ड और तपस्या जैसे साधन इस बन्धन से निवृत्ति पाने के लिए स्वतः पर्याप्त नहीं हैं। अक्षर-पुरुषोत्तम दर्शन की मोक्षमीमांसा के अनुसार माया से मुक्ति प्रत्यक्ष अक्षरब्रह्म सत्पुरुष की कृपा से ही सम्भव होती है।

यह काव्यरचना रूपकों के माध्यम से अक्षरब्रह्म गुरु की इस भूमिका को प्रस्तुत करती है, जिसमें उन्हें सहस्रों सूर्यों के समान तेजस्वी, भवसागर को पार कराने वाली नौका, शान्त, गुणातीत और साक्षात् भगवान के धारक के रूप में निर्दिष्ट किया गया है। ऐसे अक्षरब्रह्म गुणातीत सत्पुरुष के आश्रय से, उनकी यथार्थ महिमा को हृदयस्थ कर के जीव अनादि अज्ञान से मुक्त होकर परब्रह्म भगवान के अक्षरधाम की प्राप्ति करता है।

You might also like
  1. (वच. गढडा अंत्य-39)
  2. ईशाद्यष्टोपनित्स्वामिनारायणभाष्यम्, (मु. २/२/८)
  3. ईशाद्यष्टोपनित्स्वामिनारायणभाष्यम्, (कठ. ३/२)